जोधपुर, 04 सितंबर।
जोधपुर के पाल लिंक रोड स्थित कमला नगर अस्पताल के पास रहने वाले एक व्यक्ति को लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठग ने 3.60 लाख रुपये की चपत लगा दी। ठग ने पांच लाख रुपये का लोन दिलाने की बात कही और बाद में एक लिंक भेजकर बैंक खाते से रकम निकाल ली।
मामला 28 और 29 अगस्त का बताया गया है। पीड़ित ने घटना की जानकारी मिलने के बाद साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर देवनगर पुलिस ने धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कमला नगर अस्पताल के पास पाल लिंक रोड स्थित महावीर नगर निवासी दिलीप पुत्र बाबूलाल माहेश्वरी के पास 28 अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। कॉल करने वाले ने उन्हें लोन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया।
पांच लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर बाद में उनके मोबाइल पर वाट्सऐप के जरिए एक लिंक भेजा गया। पीड़ित ने जैसे ही उस लिंक को खोला, उनके बैंक खाते से दो बार में रकम निकाल ली गई।
पहली बार खाते से 1.90 लाख रुपये निकाले गए। इसके बाद दूसरी बार 1.70 लाख रुपये की निकासी हो गई। इस तरह कुल 3.60 लाख रुपये खाते से निकाल लिए गए।
रकम निकलने की जानकारी होने पर पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। अब पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।















