पोखरा, 04 सितंबर।
नेपाल के पोखरा में शुक्रवार तड़के भारतीय नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे फेवाताल में जा गिरी। हादसे में बिहार के दो युवकों की मौत हो गई, वहीं कार में सवार दो अन्य लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना गैरीचौतारा घुम्ती के पास हुई। सुबह करीब 4:50 बजे सेदी से लेकसाइड की ओर जा रही कार पर चालक का नियंत्रण छूट गया और वाहन करीब 20 मीटर नीचे फेवाताल में जा गिरा। कार में चार लोग सवार थे।
सूचना मिलते ही बैदाम पुलिस कार्यालय की टीम और सशस्त्र प्रहरी बल के जवान मौके पर पहुंचे। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया।
बचावकर्मियों ने बिहार के रक्सौल निवासी 27 वर्षीय अनमोल कुमार यादव और 33 वर्षीय सुरज यादव को जीवित बाहर निकाला। दोनों को उपचार के लिए गंडकी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनकी हालत ऐसी बताई गई कि वे बातचीत कर पा रहे हैं।
इसके बाद पानी से दो अन्य लोगों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया। उन्हें पोखरा स्वास्थ्य विज्ञान प्रतिष्ठान के पश्चिमांचल क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में बिहार के रक्सौल निवासी 26 वर्षीय नवदीप कुमार यादव की पहचान आधार कार्ड से हुई है। दूसरे मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई गई है, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
बाद में क्रेन की सहायता से भारतीय नंबर बीआर 05 डीबी 6759 वाली कार को फेवाताल से बाहर निकाल लिया गया। वाहन को बैदाम पुलिस कार्यालय पहुंचाया गया है।















