नई दिल्ली, 04 सितंबर।
सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार ने शुक्रवार को मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती मिनटों में मुनाफावसूली के कारण सेंसेक्स और निफ्टी पर हल्का दबाव जरूर बना, लेकिन जल्द ही खरीदारों के सक्रिय होने से दोनों प्रमुख सूचकांकों ने फिर तेजी पकड़ ली। पहले घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.65 प्रतिशत और निफ्टी 0.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
सेंसेक्स ने 504.16 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,657.02 अंक पर शुरुआत की। कारोबार खुलने के कुछ समय बाद मुनाफावसूली बढ़ने से सूचकांक फिसलकर 76,529.50 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में खरीदारी का जोर बढ़ा और सेंसेक्स दोबारा संभल गया।
लगातार खरीद-बिक्री के बीच सुबह 10:15 बजे तक सेंसेक्स 491.93 अंक यानी 0.65 प्रतिशत मजबूत होकर 76,644.79 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
निफ्टी ने भी दिन की शुरुआत बढ़त के साथ की। यह 37.45 अंक यानी 0.16 प्रतिशत चढ़कर 23,910.90 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में बिकवाली के दबाव से इसमें मामूली कमजोरी आई, लेकिन खरीदारों के लौटने के बाद सूचकांक तेजी के साथ आगे बढ़ा।
खरीदारी के समर्थन से निफ्टी 23,962.55 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद इसमें हल्की गिरावट भी आई। सुबह 10:15 बजे शुरुआती एक घंटे का कारोबार पूरा होने पर निफ्टी 65.20 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,938.65 अंक पर बना हुआ था।
शुरुआती कारोबार में कुल 2,882 शेयरों में सक्रिय खरीद-बिक्री हो रही थी। इनमें 1,864 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, वहीं 1,018 शेयरों में गिरावट दर्ज की जा रही थी।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 27 शेयरों को खरीदारी का समर्थन मिला और वे हरे निशान में बने रहे। तीन शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। निफ्टी की 50 कंपनियों में 31 शेयर बढ़त और 19 शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
दिग्गज कंपनियों में एचडीएफसी लाइफ, ट्रेंट लिमिटेड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, विप्रो और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के शेयर 2.43 प्रतिशत से 1.26 प्रतिशत तक की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर कोल इंडिया, आयशर मोटर्स, मारुति सुजुकी, सिप्ला और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर 1.24 प्रतिशत से 0.36 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 417.49 अंक यानी 0.55 प्रतिशत गिरकर 76,152.86 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 41 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,873.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।















