भागलपुर, 04 सितम्बर।
भागलपुर जिले के पिरपैंती थाना क्षेत्र स्थित नौवा टोली गांव में गुरुवार देर रात चोरी के सामान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान एक पक्ष के युवक ने पिस्टल से कई राउंड हवाई फायरिंग की, वहीं दूसरे युवक ने खुलेआम तलवार लहराते हुए दूसरे पक्ष को चुनौती दी। घटना से जुड़े वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
वायरल वीडियो में एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर हवाई फायरिंग करता नजर आ रहा है। इसी दौरान उसके पक्ष का एक अन्य युवक नंगी तलवार हाथ में लेकर उसे लहराता और दूसरे पक्ष को ललकारता दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पिरपैंती थाना के उपनिरीक्षक सुनील कुमार और ब्रजकिशोर चौधरी पुलिस बल के साथ नौवा टोली गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए मौके से फायरिंग में इस्तेमाल किया गया एक खोखा बरामद किया। इसके अलावा तलवार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच के आधार पर हवाई फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपित युवक की पहचान कर ली है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत या आवेदन नहीं दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पिरपैंती थाना पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है। चिन्हित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।















