प्रयागराज, 4 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के थरवई थाना क्षेत्र में शुक्रवार भोर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से उसके एक साथी को भी गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ में घायल आरोपित की पहचान प्रतापगढ़ के अंजनपुर गांव निवासी साहिल खान के रूप में हुई है। उसके साथ प्रयागराज के मऊआइमा निवासी अब्दुल सत्तार को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पुलिस पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर लूट की वारदात से जुड़े दो अन्य आरोपितों सोरांव निवासी राजू पटेल और गोविन्द यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। चारों आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, थरवई थाना क्षेत्र के हार्टमनगंज में एक सितंबर को एक कबाड़ कारोबारी के साथ लूट की घटना हुई थी। जांच के दौरान कबाड़ की दुकान पर काम करने वाले गोविन्द यादव की भूमिका सामने आई।
जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि गोविन्द ने ही लूट की योजना तैयार की थी और अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश तेज कर दी।
मुठभेड़ और पूछताछ के बाद पुलिस ने लूटकांड में शामिल सभी चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटी गई कार, वारदात में इस्तेमाल किया गया सामान, हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
बरामद सामान में एक पिस्टल और तमंचा भी शामिल है। पुलिस अब सभी आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई कर रही है। उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है।















