भोपाल, 04 सितंबर।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को सीहोर में सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पावर ट्रांसफार्मर विनिर्माण इकाई के पहले ट्रांसफार्मर के रोल-आउट का शुभारंभ करेंगे।
करीब 50 एकड़ क्षेत्र में स्थापित यह संयंत्र एक ही स्थान पर स्थित भारत की सबसे बड़ी पावर ट्रांसफार्मर विनिर्माण इकाई बताया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अगस्त 2025 में इस संयंत्र का भूमि-पूजन किया था और लगभग 13 से 14 महीने के भीतर यहां उत्पादन शुरू हो गया है।
सीहोर की यह आधुनिक इकाई देश में बढ़ती बिजली की जरूरतों को पूरा करने के लिए उच्च क्षमता वाले पावर ट्रांसफार्मरों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। संयंत्र में 220 केवी से लेकर 1200 केवी श्रेणी तक के पावर ट्रांसफार्मर तैयार किए जाएंगे।
इस इकाई की क्षमता हर महीने 35 पावर ट्रांसफार्मर तैयार करने की होगी। एक ही स्थान पर इतनी बड़ी उत्पादन क्षमता उपलब्ध होने से देश में उच्च वोल्टेज ट्रांसमिशन उपकरणों के निर्माण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सीहोर में निर्मित उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर देश के विभिन्न हिस्सों के साथ वैश्विक बाजारों तक भी पहुंचेंगे। यहां तैयार उपकरणों का उपयोग विद्युत क्षेत्र के अलावा डेटा सेंटर, रेलवे, नवकरणीय ऊर्जा, तेल एवं गैस तथा ट्रांसमिशन अधोसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं में किया जाएगा।
इस नई इकाई के शुरू होने से सीहोर में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। संयंत्र से 2000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।















