Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव
मध्य प्रदेश
04 Sep, 2026

कैलारस शुगर फैक्ट्री फिर होगी शुरू, किसानों की आय बढ़ाने पर जोर : डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना में कैलारस शुगर फैक्ट्री दोबारा शुरू कराने, दुग्ध समितियों को बढ़ावा देने और हर नगर पंचायत में गीता भवन बनाने की घोषणा की।

मुरैना, 04 सितम्बर।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कैलारस शुगर फैक्ट्री को दोबारा शुरू कराया जाएगा। इससे क्षेत्र के किसानों को उनकी उपज का बेहतर लाभ मिल सकेगा और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। मुरैना में दुग्ध समितियों के जरिए दूध संग्रहण को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। मुरैना सहित जिले की हर नगर पंचायत में गीता भवन बनाया जाएगा, जहां नागरिकों को अध्ययन का अवसर मिलेगा। जिले के एक विकासखंड में वृंदावन भवन के निर्माण की भी बात मुख्यमंत्री ने कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को सीहोर से मुरैना की कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि महोत्सव और कृषि प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुरैना गेहूं, धान, तिलहन और दलहन उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी जिला रहा है। किसानों को गेहूं की खेती को बढ़ावा देना चाहिए। खेती के लिए दिन के समय 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। उद्यानिकी के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को देश में प्रथम पुरस्कार मिलने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य में 30 लाख लोगों को सोलर पंप उपलब्ध कराने की योजना है। इससे किसानों को सिंचाई सुविधा मिलने के साथ बिजली खर्च में भी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने किसानों से दूध डेयरी को अतिरिक्त आय का जरिया बनाने और गाय पालन को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत किसानों के हित में विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया जा रहा है। खरीफ और रबी फसलों के लिए ऋण चुकाने की छह-छह महीने की अवधि को बढ़ाकर अब एक वर्ष कर दिया गया है। किसान जिस दिन ऋण लेगा, उस तारीख से एक वर्ष के भीतर उसे चुकाया जा सकेगा। इससे किसानों को बार-बार बैंक की कतार में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार किसानों के हित में काम कर रही है। किसानों को उन्नत बाजरा और सरसों के बीज उपलब्ध कराए गए हैं। प्रदेश में ढाई करोड़ किसानों को सब्सिडी पर बीज दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी आय में बढ़ोतरी करना है।

किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के प्रमुख कृषि उत्पादक राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। गेहूं, सोयाबीन, चना, दलहन-तिलहन और उद्यानिकी के क्षेत्र में प्रदेश के किसान लगातार नए कीर्तिमान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसानों की मेहनत, कृषि वैज्ञानिकों के ज्ञान और सरकार की किसान हितैषी नीतियों का परिणाम है।

कृषि मंत्री कंषाना ने कहा कि सरकार अधिक उत्पादन, अधिक उत्पादकता, बेहतर गुणवत्ता, कम लागत, बेहतर मूल्य और किसान की आय बढ़ाने को लक्ष्य बनाकर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन, कृषि यंत्रीकरण, प्राकृतिक खेती और दलहन-तिलहन मिशन जैसी योजनाओं का किसानों को लगातार लाभ मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि कृषि को डिजिटल तकनीक से जोड़ा जा रहा है। ई-विकास प्रणाली के जरिए उर्वरक वितरण में पारदर्शिता लाई गई है। 1 अप्रैल 2026 से प्रदेश के सभी जिलों में इसी प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण किया जा रहा है। इससे अनावश्यक कतारों, कालाबाजारी और उर्वरक के अनियमित वितरण पर प्रभावी नियंत्रण में सहायता मिल रही है।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री कंषाना ने प्रगतिशील किसानों राममोहन मीणा, गिर्राज आदिवासी, उदय राठौर, अरविंद सिंह गुर्जर, बालबिहारी शर्मा, राकेश शर्मा, संजय शर्मा, रामबाबू सिंह, कौशलकिशोर और बृजेन्द्र को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मेधावी विद्यार्थियों हर्ष कुशवाह, रिचा तोमर, शिवेन्द्र यादव, अमन शर्मा, रागिनी देवी, हर्षित वशिष्ठ, कृतिका सिकरवार, धर्मेन्द्र धाकड़, रियान खान और कु. सोनम को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। समाजसेवी कमलेश कुशवाह ने भी कार्यक्रम में अपने विचार रखे।

मुरैना-श्योपुर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने किसानों से जैविक खाद अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रासायनिक खाद का संतुलित इस्तेमाल करने से जमीन की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलेगी। किसानों से जरूरत के मुताबिक ही खाद, बीज और पानी का उपयोग करने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का क्षेत्र लगातार बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। नदियों को जोड़ने की योजनाओं के माध्यम से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का प्रयास जारी है।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई गई। किसानों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, संयुक्त संचालक कृषि, उप संचालक कृषि मुरैना सहित जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

|
वीडियो फीचर

शिवपुरी में शराब दुकान बंद कराने पहुंचीं महिलाओं का पुलिस से विवाद, लाठियां चलीं


पांढुरना में गोटमार परंपरा के नाम पर बरसे पत्थर, 700 पुलिसकर्मी तैनात

जहरीली शराब कांड का आरोपी रवि लखेरा एनकाउंटर में घायल, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

सागर जहरीली शराब कांड पर CM मोहन यादव का बड़ा बयान | दोषियों को ऐसा सबक सिखाएंगे!

भोपाल में जूनियर डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने का आंदोलन, सड़क जाम से भारी ट्रैफिक

शिक्षक दिवस पर CM मोहन यादव की बड़ी घोषणा, TET अभ्यर्थी दे सकेंगे ऑफलाइन परीक्षा

आज का राशिफल

व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। रुका हुआ लाभ आज प्राप्त हो सकता है। धार्मिक स्थलों की यात्रा का योग। शुभांक-4-6-8

आज का मौसम

भोपाल

22° / 31°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़