काठमांडू, 05 सितंबर।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 24 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र को संबोधित करेंगे। नेपाल का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रधानमंत्री शाह 22 सितंबर से अमेरिका की यात्रा पर जाएंगे। संयुक्त राष्ट्र में वक्ताओं की सूची में संशोधन के बाद उनके संबोधन का कार्यक्रम तय किया गया है।
नेपाल की ओर से प्रस्ताव भेजे जाने के बाद संयुक्त राष्ट्र ने शुक्रवार को संशोधित वक्ताओं की सूची जारी की। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय से प्रधानमंत्री के संबोधन के निर्धारित समय की जानकारी न्यूयॉर्क स्थित नेपाली मिशन के माध्यम से विदेश मंत्रालय और फिर प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंच चुकी है, जिसके आधार पर अमेरिका यात्रा की तैयारियां की जा रही हैं।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 24 सितंबर को दोपहर तीन बजे से रात नौ बजे तक 18 नेता महासभा को संबोधित करेंगे। इस सूची में प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 17वें वक्ता होंगे, जबकि इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी 18वें क्रम पर संबोधन करेंगी। महासभा के इस सत्र में अब तक 118 देशों के नेताओं के संबोधन की सूची तैयार की गई है।
विदेश मंत्रालय और प्रधानमंत्री सचिवालय के अधिकारियों के अनुसार, नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और आपदा के बाद प्रधानमंत्री के स्वयं महासभा को संबोधित करने का निर्णय लिया गया। माना जा रहा है कि वह जलवायु परिवर्तन से नेपाल में उत्पन्न आपदा, उससे हुए नुकसान के लिए क्षतिपूर्ति और जलवायु न्याय का मुद्दा वैश्विक मंच पर उठाएंगे। प्रधानमंत्री नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग की अपील भी कर सकते हैं।
आपदा से पहले नेपाल की ओर से विदेश मंत्री शिशिर खनाल के महासभा को संबोधित करने की तैयारी थी। अब प्रधानमंत्री शाह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल अमेरिका जाएगा और विदेश मंत्री सदस्य के रूप में शामिल होंगे। नेपाल में राहत और बचाव कार्य जारी रहने के कारण सरकार प्रधानमंत्री की यात्रा को यथासंभव छोटा रखने की तैयारी में है।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद उनके स्वदेश लौटने की संभावना है। कार्यक्रम के अनुसार ही द्विपक्षीय बैठकों को अंतिम रूप दिया जाएगा। न्यूयॉर्क में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ प्रधानमंत्री शाह की संभावित मुलाकात का प्रयास भी किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री बनने के करीब पांच महीने बाद बालेन्द्र शाह की यह पहली विदेश यात्रा होगी। प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने अब तक किसी देश के राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख से प्रत्यक्ष मुलाकात नहीं की है। पहले 19 अगस्त को मंत्रिपरिषद ने विदेश मंत्री शिशिर खनाल को नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सौंपने का निर्णय लिया था, लेकिन 26 अगस्त को रसुवा के भोटेकोशी क्षेत्र में आई महाविपदा के बाद तीन सितंबर को प्रधानमंत्री के स्वयं महासभा को संबोधित करने का फैसला किया गया।
प्रधानमंत्री के साथ अमेरिका जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में उनके मुख्य सलाहकार कुमार बेन, प्रमुख स्वकीय सचिव सुवास शर्मा, निजी सचिव प्रदीप परियार और फोटोग्राफर विनय शाक्य शामिल होंगे। विदेश सचिव अमृतबहादुर राई, संयुक्त राष्ट्र मामलों के महाशाखा प्रमुख कृष्ण प्रसाद ढकाल, शिष्टाचार महापाल कुमार राज खरेल और न्यूयॉर्क स्थित नेपाली स्थायी मिशन के प्रमुख लोक बहादुर थापा भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे।















