भोपाल, 05 सितंबर।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित प्रदेश के शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में मध्य प्रदेश के शिक्षकों को इस प्रतिष्ठित सम्मान से अलंकृत किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षकों को मिला यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और उसकी गौरवशाली परंपरा को भी सम्मानित करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की उत्कृष्ट सेवाओं, समर्पण और निरंतर प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान उनकी प्रतिभा तथा मेहनत का सम्मान है। यह सम्मान प्रदेश की समृद्ध शैक्षणिक विरासत और शिक्षकों की अपने दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
डॉ. यादव ने सभी सम्मानित शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे इसी तरह शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सफलता प्राप्त करते रहें और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहें।















