लंदन, 05 सितंबर।
भारतीय युवा स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह का लंदन स्क्वैश क्लासिक में शानदार सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। पीएसए गोल्ड स्तर के इस टूर्नामेंट में उन्हें मलेशिया की विश्व नंबर पांच खिलाड़ी सिवासंगरी सुब्रमण्यम के हाथों सीधे गेमों में हार मिली।
तीसरी वरीयता प्राप्त सिवासंगरी ने मात्र 17 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया। उन्होंने अनाहत को 11-4, 11-4 से हराते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
27 वर्षीय मलेशियाई खिलाड़ी ने शुरुआत से ही मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। उनकी तेज और आक्रामक रणनीति के सामने अनाहत अपनी लय नहीं बना सकीं और सिवासंगरी ने मुकाबले को आसानी से समाप्त कर दिया।
सेमीफाइनल में सिवासंगरी का सामना दूसरी वरीयता प्राप्त मिस्र की मौजूदा विश्व चैंपियन अमीना ओर्फी से होगा।
विश्व रैंकिंग में 20वें स्थान पर मौजूद 18 वर्षीय अनाहत ने क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने बेल्जियम की आठवीं वरीयता प्राप्त नेले गिलिस को तीन गेम के रोमांचक मुकाबले में हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई थी।
जीत के बाद सिवासंगरी ने कहा कि वह अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हैं और अनाहत को बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी बताया। उनके अनुसार, भारतीय खिलाड़ी पहले भी कई शीर्ष खिलाड़ियों को हरा चुकी हैं और अधिकांश प्रतिद्वंद्वियों के सामने कड़ी चुनौती पेश करती हैं।
सिवासंगरी ने बताया कि उनकी कोशिश शॉट्स में अतिरिक्त तेजी और आक्रामकता बनाए रखने की थी। उन्होंने कहा कि अनाहत को समय मिलने पर वह बेहद खतरनाक साबित हो सकती हैं, इसलिए उनका लक्ष्य उन्हें खेल पर नियंत्रण बनाने का मौका नहीं देना था।
उन्होंने यह भी कहा कि सर्वश्रेष्ठ तीन गेम के प्रारूप में मुकाबले से पहले दबाव और घबराहट स्वाभाविक होती है। उनके लिए आत्मविश्वास बनाए रखना जरूरी था और वह परिस्थितियों को अच्छी तरह संभालने से खुश हैं।
अनाहत की यह हार एशियाई खेलों से कुछ सप्ताह पहले हुई है। एशिया की शीर्ष रैंकिंग वाली खिलाड़ी सिवासंगरी आगामी महाद्वीपीय खेलों में भारतीय खिलाड़ी की बड़ी प्रतिद्वंद्वी होंगी।
एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाला खिलाड़ी 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेगा। उस ओलंपिक में स्क्वैश को पहली बार खेल के रूप में शामिल किया जाएगा।















