भोपाल, 05 सितंबर।
कोलार क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कोलार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को अनोखे अंदाज में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मंदाकिनी चौराहे पर आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने थाली-चम्मच बजाए, साथ ही बीन और पुंगी की आवाज के माध्यम से भोपाल की महापौर, सांसद और हुजूर विधायक का ध्यान क्षेत्र की समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
कोलार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल सिंह राठौर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। महिलाओं ने थाली और चम्मच बजाकर महापौर को गुमशुदा बताते हुए विरोध दर्ज कराया। वहीं युवा कार्यकर्ताओं ने पुंगी और बीन बजाकर सांसद तथा सीलिंग के मुद्दे पर मौन रहने वाले हुजूर विधायक को जगाने के लिए भगवान श्रीराम से प्रार्थना की।
राहुल सिंह राठौर ने कहा कि कोलार के व्यापारी दुकानें बंद करने को मजबूर हैं, आमजन परेशान है और रहवासी सड़कों पर अपनी समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इसके बावजूद सांसद, महापौर और विधायक क्षेत्र की परेशानियों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसी कारण कांग्रेस ने सांकेतिक रूप से यह अलग तरह का प्रदर्शन किया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही तीनों जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने की दिशा में कदम नहीं उठाया तो कांग्रेस कार्यकर्ता उनके घरों के बाहर ढोल बजाकर प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से भोपाल का मास्टर प्लान शीघ्र लागू करने की मांग भी की, ताकि कोलार के व्यापारियों, रहवासियों और आम जनता की समस्याओं का समाधान हो सके।
प्रदर्शन में पूर्व सरपंच मंगल सिंह यादव, पूर्व प्रदेश सचिव प्रशांत चौहान, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री योगेश सराठे, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव महक राणा, मुकेश शाह, बबलू खान, रत्ना ताई, मुबीना बी, अमित मीणा, शाहिद हुसैन, पंकज शर्मा, अनिल दुबे, जगमोहन बावरा, राजवीर सिंह, प्रवीण वर्मा, सुजीत पांडा, गुड्डू मनोहर, सुनील पाटिल और रमेश कटारिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।















