इंदौर, 05 सितंबर।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को इंदौर मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। बापट चौराहा मेट्रो स्टेशन पर उन्होंने मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और सांदीपनि विद्यालय के बच्चों के साथ मेट्रो में यात्रा भी की।
इंदौर में मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण की शुरुआत को ऐतिहासिक बताया गया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, विधायक उषा ठाकुर, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय का दायित्व संभालने के बाद मध्य प्रदेश को लगातार महत्वपूर्ण सौगातें मिल रही हैं। उन्होंने भोपाल मेट्रो परियोजना के शुभारंभ का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर मेट्रो का दूसरा चरण केवल शहर ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इसके शुरू होने से शहर में आवागमन अधिक सुगम होगा और नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मेट्रो इंदौरवासियों की दैनिक दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगी।
मेट्रो यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने सांदीपनि विद्यालय के बच्चों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। मेट्रो बापट चौराहे से रवाना होकर हीरा नगर, चंद्रगुप्त चौराहा, आईएसबीटी, एमआर-10, भौरासला चौराहा और सुपर कॉरिडोर होते हुए गांधी नगर स्टेशन पहुंची।
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, इंदौर मेट्रो प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित होगी। यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो उपलब्ध होगी और ट्रेन रोजाना 70 से अधिक फेरे लगाएगी।















