रियाद, 05 सितंबर।
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह चार दिवसीय द्विपक्षीय यात्रा पर शुक्रवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुंचे। यह उनकी सऊदी अरब की पहली आधिकारिक यात्रा है। आगमन पर सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल और वहां के मानव संसाधन एवं सामाजिक विकास मंत्रालय में अंतरराष्ट्रीय मामलों के उपमंत्री डॉ. तारिक अल-हमाद ने उनका स्वागत किया।
कीर्ति वर्धन सिंह ने अपनी यात्रा को भारत और सऊदी अरब के संबंधों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दौरे के दौरान वह अपने सऊदी समकक्षों के साथ विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा करेंगे। साथ ही सऊदी अरब में रह रहे भारतीय समुदाय और व्यापार जगत से जुड़े प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।
यात्रा कार्यक्रम के दौरान विदेश राज्य मंत्री सऊदी अरब के मानव संसाधन एवं सामाजिक विकास मंत्री, विदेश राज्य मंत्री और अन्य प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों से बातचीत करेंगे। दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग और साझा हितों से जुड़े विषयों पर इन बैठकों में चर्चा होने की संभावना है।
विदेश राज्य मंत्री सऊदी अरब में भारतीय समुदाय के विभिन्न वर्गों के लोगों से भी संवाद करेंगे। उनके कार्यक्रम में भारतीय व्यापारियों, उद्यमियों और पेशेवरों के साथ बैठकें भी शामिल हैं। वह वहां कार्यरत भारतीय कामगारों से मुलाकात कर उनके हितों और कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करेंगे।
इस यात्रा को भारत और सऊदी अरब के बीच बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है। दोनों पक्ष मानव संसाधन, कौशल विकास, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और अंतरराष्ट्रीय मामलों सहित परस्पर हित के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विचार करेंगे।
चार दिवसीय दौरे के माध्यम से दोनों देशों के बीच संवाद और सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह यात्रा भारत और सऊदी अरब के बीच मजबूत होते संबंधों को आगे बढ़ाने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी के नए अवसरों पर चर्चा का मंच भी बनेगी।















