नई दिल्ली, 05 सितंबर।
दिल्ली की सड़कों को धूल मुक्त बनाने और सड़क किनारे हरियाली बढ़ाने की दिशा में लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। सीएसआईआर-केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान ने दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों के लिए यह एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा सड़क पक्कीकरण और हरियाली के लिए निर्धारित मानक ढांचे को दिल्ली की सड़कों पर प्रभावी रूप से लागू करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
सीआरआरआई के निदेशक डॉ. च. रवि शेखर ने कहा कि वैज्ञानिक आधार पर सड़क डिजाइन, बेहतर पक्कीकरण और पर्यावरण के अनुकूल उपाय अपनाकर सड़कों से उड़ने वाली धूल को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। इससे राजधानी की वायु गुणवत्ता सुधारने में भी मदद मिलेगी।
एक दिवसीय प्रशिक्षण में संस्थान के विशेषज्ञ वैज्ञानिकों ने शहरी सड़कों की योजना और निर्माण से जुड़े विभिन्न तकनीकी विषयों पर जानकारी दी। इसमें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सड़क पक्कीकरण और हरियाली से संबंधित दिशा-निर्देशों, शहरी क्षेत्रों के मानकों तथा भारतीय सड़क कांग्रेस के मानकों के अनुरूप सड़क नेटवर्क तैयार करने पर चर्चा की गई।
इंजीनियरों को अलग-अलग श्रेणी की सड़कों के लिए कैरेजवे डिजाइन, जरूरी आंकड़ों के संग्रह और निर्धारित तकनीकी मानकों की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के मानकों के साथ पैदल यात्रियों और गैर-मोटर चालित परिवहन के लिए बेहतर वॉकवे विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा सड़क संकेतों और मार्किंग, जल निकासी व्यवस्था, बिजली तथा दूरसंचार नेटवर्क, बस स्टॉप और गैस एवं ईंधन स्टेशनों जैसी सुविधाओं को सड़क ढांचे के साथ बेहतर तरीके से जोड़ने की तकनीकी जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ नवीन बंसल और विशेष सचिव रवि झा ने भी संबोधित किया।















