भोपाल, 05 सितंबर।
शिक्षक दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में मध्य प्रदेश के छह शिक्षकों एवं शिक्षाविदों ने अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों से प्रदेश का गौरव बढ़ाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय स्तर पर चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में डॉ. अर्चना शुक्ला, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, संगीता यादव, प्रो. सौरव दत्ता, रीना गुप्ता और ज्योतिबाला राठौर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक ज्ञान के साथ समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने का कार्य करता है। इन शिक्षकों के नवाचार और समर्पण ने प्रदेश की शिक्षा जगत को नई पहचान दी है।
डॉ. अर्चना शुक्ला ने परियोजना आधारित शिक्षण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने जनभागीदारी से सीमित संसाधनों वाले विद्यालय में बदलाव लाते हुए विद्यार्थियों की संख्या और उपस्थिति में उल्लेखनीय वृद्धि की।
संगीता यादव ने गणित को रोचक और प्रयोग आधारित बनाने के लिए अनेक नवाचार किए। आईआईएसईआर भोपाल के प्रो. सौरव दत्ता विद्यार्थियों में शोधपरक सोच विकसित करने के साथ जलवायु परिवर्तन के अनुकूल पौधों पर शोध कर रहे हैं।
उज्जैन की रीना गुप्ता पिछले 16 वर्षों से दिव्यांग प्रशिक्षुओं को डिजिटल कौशल देकर आत्मनिर्भर बना रही हैं। इंदौर की ज्योतिबाला राठौर ने प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन उपलब्धियों से युवा शिक्षक और विद्यार्थी उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित होंगे।















