मुरैना, 05 सितंबर।
जौरा थाना क्षेत्र के एमएस रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरने को लेकर हुआ विवाद शनिवार को अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि एक ऑटो चालक ने पंप कर्मचारी पर कट्टे से फायर कर दिया। कर्मचारी के समय रहते झुक जाने से गोली उसे नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। गोली पास के इलेक्ट्रिक पैनल में जा धंसी।
पेट्रोल पंप संचालक के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे देवा बघेल अपना ऑटो लेकर सीएनजी भरवाने पहुंचा था। कर्मचारी रानू शर्मा ने ऑटो की सीएनजी प्लेट की अवधि समाप्त होने और 350 रुपये बकाया होने की बात कहते हुए गैस भरने से इन्कार कर दिया। इस बात से नाराज होकर आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज की और धमकी देकर वहां से चला गया।
करीब डेढ़ घंटे बाद वह दोबारा पंप पर पहुंचा और आरोप है कि आते ही कर्मचारी को निशाना बनाकर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। कर्मचारी झुक गया, जिससे गोली उसके बजाय इलेक्ट्रिक पैनल में लगी और आरोपी हथियार लेकर फरार हो गया।
पंप संचालक ने आशंका जताई कि गोली यदि सीएनजी मशीन या किसी संवेदनशील स्थान पर लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद स्थानीय व्यापारी भी थाने पहुंचे और आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस कर्मचारी की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के साथ फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।















