भोपाल, 05 सितंबर।
राजधानी के राष्ट्रीय उद्यान वन विहार में अंतरराष्ट्रीय गिद्ध जागरूकता दिवस के अवसर पर शनिवार को पक्षी भ्रमण और गिद्ध संरक्षण से जुड़ा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भोपाल बर्ड्स और वन विहार के संयुक्त आयोजन में विद्यार्थियों, पक्षी प्रेमियों और प्रकृति संरक्षण में रुचि रखने वाले लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वन विहार के संचालक विजय कुमार ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजन को गिद्धों की उपयोगिता, प्रकृति में उनकी भूमिका और उनके संरक्षण की आवश्यकता से परिचित कराना था। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने वन विहार के प्राकृतिक वातावरण में विभिन्न पक्षियों का अवलोकन किया और उनके व्यवहार तथा प्राकृतिक आवास के संबंध में जानकारी हासिल की।
प्रतिभागियों को गिद्धों की पहचान, जीवनशैली, भोजन और आवास के बारे में विस्तार से बताया गया। पक्षी विशेषज्ञ डॉ. संगीता राजगीर ने कहा कि गिद्ध प्रकृति के महत्वपूर्ण सफाईकर्मी हैं। मृत पशुओं के अवशेषों को समाप्त कर वे पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इससे बीमारियों के फैलाव को नियंत्रित करने और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायता मिलती है।
सहायक संचालक डॉ. रूही हक ने गिद्धों के संरक्षण के सामने मौजूद चुनौतियों की जानकारी दी। उन्होंने उनके प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने, सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
भोपाल बर्ड्स के मो. खालिक ने कहा कि गिद्धों की रक्षा केवल एक पक्षी प्रजाति को बचाने का प्रयास नहीं है, बल्कि स्वस्थ पर्यावरण और संतुलित पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को वन्यजीव और प्रकृति संरक्षण से जोड़ने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर सुबह 9 बजे से शाम 5.30 बजे तक वन विहार आने वाले पर्यटकों के लिए स्नैक पार्क में तत्काल प्रश्नोत्तरी और खेल गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी के डॉ. हेमंत बाजपेयी, संजय और उनकी टीम ने इन गतिविधियों का संचालन किया, जिसमें लगभग 150 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विजेताओं को डॉ. रूही हक ने पुरस्कृत किया। वन विहार प्रबंधन ने लोगों से अधिक संख्या में इन गतिविधियों में शामिल होने की अपील की।
6 सितंबर को भी वन विहार में संरक्षण जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। सुबह 9 से 10.30 बजे तक वीथिका में पत्थर रंगाई और लकड़ी की टाइल रंगाई गतिविधियां होंगी। इसके बाद सुबह 10.30 से 11.30 बजे तक फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों को वन्यजीव और गिद्ध संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
दोपहर 12 बजे विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे से शाम 5.30 बजे तक स्नैक पार्क में वन विहार भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों के लिए फिर से तत्काल प्रश्नोत्तरी और मनोरंजक खेलों का आयोजन किया जाएगा।















