नई दिल्ली, 05 सितंबर।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोशल मीडिया पर साझा की गई एक कथित फर्जी पोस्ट को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास को चेतावनी दी है। भाटिया ने कहा कि दास 24 घंटे के भीतर बिना शर्त माफी मांगें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विवाद स्वतंत्र भारद्वाज नामक युवक से संबंधित एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शुरू हुआ। पोस्ट में दावा किया गया था कि गौरव भाटिया ने स्वतंत्र भारद्वाज को ‘दिमागी नक्सल’ कहा है। सौरव दास ने इस पोस्ट में भाटिया को टैग किया था और इसमें यह दावा भी किया गया था कि संबंधित युवक का भाजपा से कोई संबंध नहीं है।
गौरव भाटिया ने उसी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे फर्जी बताया और सौरव दास से पोस्ट हटाने तथा 24 घंटे के भीतर बिना शर्त माफी मांगने की मांग की। इसके बाद दास ने अपने सोशल मीडिया खाते से उक्त पोस्ट हटा दी।
पोस्ट हटाए जाने के बाद भाटिया ने एक अन्य पोस्ट में दावा किया कि सौरव दास ने 83 मिनट के भीतर अपनी पोस्ट हटा दी, लेकिन अब तक सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी नहीं मांगी है। उन्होंने कहा कि तय समय सीमा में माफी नहीं मिलने पर दास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
बाद में सौरव दास ने सफाई देते हुए कहा कि संबंधित पोस्ट कृत्रिम बुद्धिमत्ता की सहायता से तैयार की गई थी। यह विवाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ कथित मारपीट की घटना से भी जुड़ा है।
प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार की किसी व्यक्ति से झड़प हुई थी। कॉकरोच जनता पार्टी का आरोप है कि स्वतंत्र भारद्वाज और अन्य लोगों ने उन पर हमला किया। भारद्वाज ने पहले कथित रूप से गंभीर चोट पहुंचाने का दावा किया था, लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने अपने बयान से इनकार कर दिया।
मामले से जुड़ी टिप्पणियां सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने शुक्रवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने के बाहर धरना दिया था। बाद में पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया।















