काठमांडू, 05 सितंबर।
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित करीब 84 हजार लोगों तक तत्काल मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए संयुक्त राष्ट्र और उसके सहयोगी संगठनों ने लगभग पांच करोड़ अमेरिकी डॉलर जुटाने की अपील की है। यह राशि आपदा प्रभावित समुदायों को जरूरी और जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने में उपयोग की जाएगी।
संयुक्त राष्ट्र ने मानवीय सहायता से जुड़े साझेदार संगठनों से इस राशि के लिए सहयोग करने का आग्रह किया है। भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में आई बाढ़ के साथ भूस्खलन की घटनाओं से 84 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जिन तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने की जरूरत बताई गई है।
नेपाल स्थित संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के अनुसार, जुटाई जाने वाली सहायता राशि का उपयोग राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नेतृत्व में नेपाल सरकार की तैयार चार महीने की योजना को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने में किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य सर्दी शुरू होने से पहले प्रभावित लोगों तक जरूरी सहायता पहुंचाना है।
संयुक्त राष्ट्र और उसके मानवीय सहायता साझेदार संगठन नेपाल सरकार के नेतृत्व में चल रहे बचाव और राहत कार्यों के साथ समन्वय कर रहे हैं। नेपाल में संयुक्त राष्ट्र की आवासीय समन्वयक लीला पीटर्स याहिया ने कहा कि सहायता अभियान में सबसे दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचना प्रमुख प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि सर्दी आने से पहले प्रभावित बस्तियों में आश्रय, चिकित्सा सुविधाएं, स्वच्छ पानी और नकद सहायता पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सबसे अधिक प्रभावित इलाकों के लोगों को भोजन, नकद सहायता, आश्रय, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छ पेयजल और अन्य जीवनरक्षक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।















