वाशिंगटन, 07 सितंबर।
अमेरिका के मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को एक मालवाहक विमान रनवे से बाहर निकलकर खेत में जा पहुंचा। इस दौरान विमान ने कई वाहनों को टक्कर मार दी और उसमें आग लग गई। हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दो अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद हवाई अड्डे पर करीब तीन घंटे तक विमानों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। अधिकारियों के अनुसार, मालवाहक विमान स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब दो बजे रनवे से बाहर निकला। यह विमान प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से मियामी पहुंचा था।
अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसे में जान गंवाने वाले लोग विमान में सवार थे या उन वाहनों में मौजूद थे, जिन्हें विमान ने टक्कर मारी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल के आसपास आसमान में काला धुआं फैल गया।
बचाव अधिकारियों के मुताबिक विमान के कॉकपिट में पायलट और सह-पायलट फंस गए थे। कुछ लोग कारों के भीतर फंसे हुए थे, वहीं एक व्यक्ति वाहन के नीचे दब गया था। बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
विमान से ईंधन का रिसाव भी होने लगा था, जिसे नियंत्रित करने के लिए दमकलकर्मियों को कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी। दुर्घटना के बाद विमान सड़क किनारे जाकर रुक गया। वहां दो बड़े ट्रक भी खड़े थे। घटनास्थल की तस्वीरों में विमान पेट के बल पड़ा दिखाई दिया। आग लगने के बावजूद विमान का अधिकांश हिस्सा सुरक्षित रहा।
दुर्घटनाग्रस्त विमान 32 वर्ष पुराना बोइंग 767 था। इसे पहले यात्री विमान के रूप में तैयार किया गया था और दो दशक से अधिक समय तक विभिन्न विमानन कंपनियों के लिए उड़ान भरता रहा। वर्ष 2015 में इसे मालवाहक विमान में परिवर्तित किया गया था। इस उड़ान का संचालन नॉर्थ कैरोलिना की मालवाहक कंपनी 21 एयर कर रही थी।
दुर्घटना के बाद रविवार दोपहर मियामी हवाई अड्डे पर करीब 250 उड़ानें विलंबित हुईं। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने मामले की जांच के लिए अपनी टीम मियामी भेजने की घोषणा की है। टीम का नेतृत्व इसकी अध्यक्ष जेनिफर होमेंडी करेंगी।
अमेजन ने हादसे की जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है। कंपनी ने पांच लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों, उनके करीबियों और इस दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति संवेदना जताई है।















