भोपाल, 7 सितंबर।
प्रथम श्री कैलाश सारंग मेमोरियल लेगेसी बैडमिंटन कप टूर्नामेंट-2026 में राजेश गुप्ता और डॉ. राजीव सक्सेना की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा खिताब अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों ने 50 प्लस और 55 प्लस वर्ग में जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।
50 प्लस वर्ग के फाइनल में राजेश गुप्ता और डॉ. राजीव सक्सेना का मुकाबला दिनेश नागिया और कामिल शाह की जोड़ी से हुआ। रोमांचक मुकाबले में राजेश-राजीव ने बेहतरीन तालमेल और सटीक शॉट्स के सहारे 15-13 और 15-11 से लगातार दो गेम जीतकर खिताब हासिल किया।
इसके बाद 55 प्लस वर्ग के फाइनल में भी इस अनुभवी जोड़ी का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। राजेश गुप्ता और डॉ. राजीव सक्सेना ने मनीष गुप्ता और चंद्रशेखर की जोड़ी को 15-5 और 15-12 से हराकर अपना दूसरा खिताब जीत लिया।
पहले गेम में विजेता जोड़ी ने एकतरफा अंदाज में मुकाबला अपने नाम किया। दूसरे गेम में विरोधी खिलाड़ियों ने बेहतर चुनौती पेश की, लेकिन राजेश और राजीव के अनुभव तथा तालमेल के सामने उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
पूरे टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों का आक्रामक खेल, फिटनेस, चुस्ती और आपसी समझ दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, आयोजकों और साथी खिलाड़ियों ने दोनों विजेताओं को बधाई दी। आयोजकों ने सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों के इस जुनून और खेल भावना को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।















