नई दिल्ली, 07 सितंबर।
घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान कमजोरी का माहौल बना रहा। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरावट के साथ खुले। शुरुआत में खरीदारी से बाजार को मामूली सहारा मिला, लेकिन जल्द ही बिकवाली का दबाव बढ़ने से दोनों प्रमुख सूचकांक नीचे आने लगे।
बीएसई सेंसेक्स 69.38 अंक की गिरावट के साथ 76,446.05 अंक पर खुला। शुरुआती खरीदारी के कारण यह 76,477.19 अंक तक पहुंचा, लेकिन बाद में बिकवाली हावी हो गई। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 260.05 अंक यानी 0.34 प्रतिशत टूटकर 76,255.38 अंक पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई निफ्टी ने भी 14.55 अंक की कमजोरी के साथ 23,883.15 अंक से शुरुआत की। खुलने के बाद यह बढ़कर 23,890 अंक तक पहुंचा, लेकिन बिकवाली बढ़ने पर इसकी बढ़त टिक नहीं सकी। सुबह 10 बजे तक निफ्टी 80.10 अंक यानी 0.34 प्रतिशत गिरकर 23,817.60 अंक पर पहुंच गया।
इस दौरान बाजार में 2,985 शेयरों में सक्रिय कारोबार हुआ। इनमें 1,527 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में रहे और 1,458 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 10 में तेजी और 20 में कमजोरी रही। निफ्टी के 50 शेयरों में 16 हरे और 34 लाल निशान में कारोबार करते दिखाई दिए।
प्रमुख कंपनियों में आयशर मोटर्स, भारती एयरटेल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, आईसीआईसीआई बैंक और कोल इंडिया के शेयरों में 0.77 से 0.43 प्रतिशत तक की मजबूती रही। दूसरी ओर इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजी, विप्रो और बजाज ऑटो के शेयर 2.58 से 1.12 प्रतिशत तक टूटे।
पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 362.57 अंक यानी 0.48 प्रतिशत चढ़कर 76,515.43 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 24.25 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,897.70 अंक पर बंद हुआ था।















