Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव
धर्म / अध्यात्म
07 Sep, 2026

महाकाल की अंतिम राजसी सवारी आज, भक्तों को छह स्वरूपों में होंगे दर्शन

उज्जैन में बाबा महाकाल की अंतिम राजसी सवारी शाम चार बजे निकलेगी, जिसमें श्रद्धालुओं को भगवान के छह स्वरूपों के दर्शन होंगे।

उज्जैन, 07 सितंबर।

विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार तड़के भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का राजा स्वरूप में विशेष शृंगार किया गया। भांग, चंदन, रुद्राक्ष, आभूषण और सुगंधित पुष्पों से सजे बाबा महाकाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। शाम चार बजे श्रावण-भाद्रपद मास की अंतिम राजसी सवारी नगर भ्रमण के लिए निकलेगी।

भाद्रपद कृष्ण पक्ष की एकादशी पर तड़के चार बजे मंदिर के पट भस्म आरती के लिए खोले गए। इसके बाद गर्भगृह में विराजित सभी देव प्रतिमाओं का पूजन किया गया और भगवान महाकाल का जलाभिषेक संपन्न हुआ। दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया।

प्रथम घंटाल बजने के बाद हरि ओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के पश्चात बाबा महाकाल को चांदी का मुकुट और मुंडमाला धारण कराई गई। विशेष रूप से भांग से शृंगार कर त्रिपुंड लगाया गया और रुद्राक्ष की माला पहनाई गई। राम नाम अंकित बेलपत्र भी अर्पित किए गए।

शृंगार के बाद ज्योतिर्लिंग पर महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पित की गई। इसके पश्चात भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाला, रुद्राक्ष और सुगंधित फूलों की मालाएं धारण कराई गईं। मोगरे और गुलाब के पुष्पों से आकर्षक सज्जा के बाद फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया।

भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मान्यता है कि भस्म अर्पित होने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।

सोमवार शाम उज्जैन में भादौ के दूसरे सोमवार पर भगवान महाकाल की राजसी सवारी निकलेगी। करीब साढ़े पांच किलोमीटर लंबे मार्ग पर निकलने वाली इस सवारी में देशभर से श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। सावन की चार और भादौ की एक सवारी पहले निकल चुकी है। यह छठी और अंतिम सवारी होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पालकी का पूजन करेंगे।

राजसी सवारी में बाबा महाकाल भक्तों को छह स्वरूपों में दर्शन देंगे। अवंतिकानाथ चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर, हाथी पर मनमहेश, गरुड़ पर शिवतांडव, नंदी पर उमा महेश तथा डोलरथ पर होलकर और सप्तधान स्वरूप में नगर भ्रमण करेंगे।

यह राजसी सवारी सिंहस्थ के लिए तैयार किए जा रहे नए भव्य मार्ग से भी गुजरेगी। पहली बार इसमें दो पुलिस बैंड शामिल होंगे। ईशा फाउंडेशन का कैलाश वाद्यम बैंड भी प्रस्तुति देगा और ड्रोन के माध्यम से पुष्प वर्षा की जाएगी।

सवारी से पहले महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर की पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद रजत पालकी में विराजित होकर भगवान नगर भ्रमण पर निकलेंगे। मंदिर के मुख्य द्वार पर पालकी में विराजित भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर को सशस्त्र सलामी दी जाएगी।

निर्धारित समय शाम चार बजे पालकी महाकाल घाटी से रवाना होकर गुदरी चौराहा, पानदरीबा, कहारवाड़ी और रामानुजकोट होते हुए रामघाट पहुंचेगी। रामघाट पर भगवान चंद्रमौलेश्वर और गजराज पर आरूढ़ मनमहेश का शिप्रा जल से पूजन-अर्चन किया जाएगा।

आरती के बाद सवारी गणगौर दरवाजा, कार्तिक चौक, ढाबा रोड, कमरी मार्ग, टंकी चौक, तेलीवाड़ा, कंठाल, सतीगेट, खड़े हनुमान और गोपाल मंदिर पहुंचेगी। यहां सिंधिया स्टेट की ओर से पूजन होगा। इसके बाद सवारी पटनी बाजार, गुदरी और महाकाल घाटी से होकर पुनः महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी।

राजसी सवारी को लेकर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सवारी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में दो हजार से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। भीड़ में चोरी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सौ से अधिक पुलिसकर्मी सादी वर्दी में मौजूद रहेंगे।

करीब 100 से अधिक ऊंची इमारतों से भी पुलिसकर्मी सवारी मार्ग की निगरानी करेंगे। आसमान से 10 ड्रोन और जमीन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए इंदौर, देवास, शाजापुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, दतिया और शिवपुरी से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सवारी मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है। होटल, लॉज और धर्मशालाओं की लगातार जांच भी की जा रही है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मोबाइल, पर्स, मंगलसूत्र और चेन चोरी रोकने के लिए विशेष टीम बनाई गई है। सौ से अधिक सादी वर्दी के जवान भीड़ के बीच संदिग्धों पर नजर रखेंगे। संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। करीब सौ महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

इस बार भगवान महाकाल की राजसी सवारी का विशेष सजीव रेडियो प्रसारण भी किया जाएगा। आकाशवाणी उज्जैन दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक लगातार आठ घंटे सवारी का प्रसारण करेगा। यह प्रसारण मध्य प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ सुनाया जाएगा।

प्रसारण के दौरान राजसी सवारी के पूरे मार्ग, प्रमुख पड़ावों, धार्मिक अनुष्ठानों, परंपराओं और श्रद्धालुओं की आस्था का आंखों देखा विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। गैर-खेल गतिविधियों में इतनी लंबी अवधि तक लगातार सजीव प्रसारण की यह विशेष पहल बताई गई है।

इस विशेष प्रसारण को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए नामांकित किया गया है। अनुभवी उद्घोषकों और कमेंटेटरों की टीम सवारी की प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि का सजीव एवं भावपूर्ण वर्णन करेगी।

|
वीडियो फीचर

शिवपुरी में शराब दुकान बंद कराने पहुंचीं महिलाओं का पुलिस से विवाद, लाठियां चलीं


पांढुरना में गोटमार परंपरा के नाम पर बरसे पत्थर, 700 पुलिसकर्मी तैनात

जहरीली शराब कांड का आरोपी रवि लखेरा एनकाउंटर में घायल, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

सागर जहरीली शराब कांड पर CM मोहन यादव का बड़ा बयान | दोषियों को ऐसा सबक सिखाएंगे!

भोपाल में जूनियर डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने का आंदोलन, सड़क जाम से भारी ट्रैफिक

शिक्षक दिवस पर CM मोहन यादव की बड़ी घोषणा, TET अभ्यर्थी दे सकेंगे ऑफलाइन परीक्षा

आज का राशिफल

व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। रुका हुआ लाभ आज प्राप्त हो सकता है। धार्मिक स्थलों की यात्रा का योग। शुभांक-4-6-8

आज का मौसम

भोपाल

22° / 31°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़