दिल्ली, 7 सितंबर।
दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर स्थित सत्य निकेतन में रविवार को हुए इमारत हादसे में कटनी के 19 वर्षीय छात्र अक्षत यादव की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कटनी स्थित उसके घर में मातम छा गया और स्वजन शव को गृह नगर लाने के लिए दिल्ली रवाना हो गए।
अक्षत यादव कटनी की दुबे कॉलोनी का निवासी था और दिल्ली में रहकर दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था। हादसे के समय वह सत्य निकेतन क्षेत्र में मौजूद था और इमारत का मलबा गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
करीब 40 वर्ष पुरानी इमारत अचानक ढहने के बाद राहत एवं बचाव दल ने अक्षत को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मलबे से निकाले गए मृतकों की पहचान के दौरान अक्षत यादव के शव की पुष्टि हुई। इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।
अक्षत की मौत की खबर दुबे कॉलोनी स्थित घर पहुंचते ही रिश्तेदारों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
पड़ोसियों के अनुसार अक्षत पढ़ाई में होनहार था और बेहतर भविष्य बनाने के उद्देश्य से दिल्ली में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहा था। कम उम्र में हुई उसकी मौत ने परिवार के सपनों को गहरा आघात पहुंचाया है। स्वजन दिल्ली पहुंच चुके हैं और शव को कटनी लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं।















