भोपाल, 08 सितम्बर।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आई जनसमस्याओं और सुझावों को सुना तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की।
मंत्री पटेल ने कार्यकर्ताओं द्वारा रखे गए विभिन्न प्रकरणों की जानकारी संबंधित विभागों के अधिकारियों को देते हुए आवश्यक कार्रवाई जल्द करने के निर्देश दिए। जिन मामलों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जरूरत थी, उन्हें शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त होने वाली प्रत्येक जनसमस्या का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर उसके समाधान का प्रयास होगा। प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े विषयों के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में संगठन भी जनता की समस्याओं को सामने लाने और उनके निराकरण के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है। कार्यकर्ताओं के माध्यम से मिलने वाले सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से लेकर संबंधित स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह भी मौजूद रहीं।















