विदिशा, 08 सितम्बर।
विदिशा के पूर्व अपर कलेक्टर और 2019 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी अनिल कुमार डामोर का मंगलवार सुबह हृदयाघात से निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उनके असामयिक निधन की खबर से प्रशासनिक अमले में शोक छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और परिचित मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। अस्पताल परिसर में उनके सहकर्मी गमगीन नजर आए और अचानक अपने साथी अधिकारी के निधन से स्तब्ध रहे। मेडिकल कॉलेज में उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
अनिल कुमार डामोर विदिशा में अपर कलेक्टर के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके थे। इसी माह राज्य शासन ने उनका तबादला पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, भोपाल में उप सचिव के पद पर किया था। वह विदिशा से कार्यमुक्त होकर नई जिम्मेदारी संभालने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पदभार ग्रहण करने से पहले ही उनका निधन हो गया।
सहकर्मियों के अनुसार डामोर सहज, मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के अधिकारी थे। वह अधिकारियों के साथ-साथ कर्मचारियों से भी आत्मीयता से बातचीत करते थे। उनके व्यवहार में पद की औपचारिकता कम दिखाई देती थी, जिसके कारण उन्होंने कम समय में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।
मेडिकल कॉलेज पहुंचे अधिकारी और कर्मचारी एक-दूसरे से डामोर के साथ बिताए समय और उनसे जुड़ी स्मृतियां साझा करते दिखाई दिए। सहकर्मियों का कहना था कि उनके निधन से प्रशासनिक परिवार ने केवल एक अधिकारी ही नहीं, बल्कि एक आत्मीय साथी को भी खो दिया है।
अनिल कुमार डामोर मूल रूप से झाबुआ जिले के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। उनका बेटा 11वीं कक्षा में पढ़ता है, जबकि बेटी भी अध्ययनरत है। अचानक हुए निधन से परिवार गहरे शोक में है।















