जलपाईगुड़ी, 8 सितंबर।
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के बैरागीडांगा इलाके में आपसी कलह का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है, जहां मामूली घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैरागीडांगा क्षेत्र में रहने वाले मिठुन दास और उसकी पत्नी टुम्पा दास के बीच सोमवार की देर रात किसी बात को लेकर तीखी नोकझोक शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पति ने घर में रखे धारदार हथियार से अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मंगलवार की सुबह जब घर के भीतर महिला का खून से सना हुआ शव मिला, तो पड़ोसियों के बीच सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उधर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंच गया, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।















