नई दिल्ली, 08 सितंबर।
घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान कमजोरी बनी रही। कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के समर्थन से सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली सुधार जरूर आया, लेकिन जल्द ही बिकवाली का दबाव बढ़ने से दोनों प्रमुख सूचकांक फिर कमजोर हो गए। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 0.53 प्रतिशत और निफ्टी 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई सेंसेक्स 162.53 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 75,970.28 अंक पर खुला। शुरुआती खरीदारी के कारण यह बढ़कर 76,012.11 अंक तक पहुंचा, लेकिन यह तेजी अधिक समय तक कायम नहीं रह सकी। इसके बाद बिकवाली बढ़ने से सूचकांक लगातार नीचे आता गया।
लगातार शेयर बिक्री के दबाव में सेंसेक्स गिरकर 75,714.61 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों के सक्रिय होने से इसमें मामूली सुधार देखने को मिला। सुबह 10 बजे तक जारी खरीदारी और बिकवाली के बीच सेंसेक्स 401.98 अंक यानी 0.53 प्रतिशत टूटकर 75,730.83 अंक पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई निफ्टी ने भी कमजोरी के साथ शुरुआत की। यह 36.05 अंक यानी 0.15 प्रतिशत गिरकर 23,743.10 अंक पर खुला। शुरुआती खरीदारी के सहारे निफ्टी करीब 15 अंक सुधरकर 23,758.95 अंक तक पहुंच गया।
इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ गया और निफ्टी फिसलते हुए 23,664.70 अंक तक पहुंच गया। बाद में खरीदारी लौटने से सूचकांक में कुछ सुधार हुआ। सुबह 10 बजे तक निफ्टी 107.45 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,671.70 अंक पर कारोबार कर रहा था।
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार के 2,922 शेयरों में सक्रिय कारोबार हो रहा था। इनमें 1,375 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में थे, जबकि 1,547 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 11 शेयर बढ़त में और 19 शेयर गिरावट में बने हुए थे। निफ्टी के 50 शेयरों में 15 शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 35 शेयरों में कमजोरी दिखाई दे रही थी।
सुबह 10 बजे तक प्रमुख कंपनियों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एचडीएफसी लाइफ, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एटरनल और कोल इंडिया के शेयर 2.10 प्रतिशत से 0.37 प्रतिशत तक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट लिमिटेड, भारती एयरटेल और मारुति सुजुकी के शेयर 1.39 प्रतिशत से 0.96 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
इससे पहले सोमवार के कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 382.62 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,132.81 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 118.55 अंक यानी 0.50 प्रतिशत गिरकर 23,779.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।















