नीमच, 08 सितम्बर।
जिले के जीरन थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुए सड़क हादसे में 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। जीरन पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार तालखेड़ा निवासी जुनैद पुत्र अकबर खान, समीर पुत्र अकबर खान, अरबाज खान पुत्र इनायत खान और निकुम चौराहा निवासी इस्माइल खान पुत्र अजीज खान एक ही बाइक से हरकियाखाल घूमने गए थे। दोपहर में सभी बाइक से वापस लौट रहे थे।
जीरन पेट्रोल पंप के पास सामने से आए ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर के बाद बाइक सवार चारों लोग सड़क पर घायल अवस्था में गिर पड़े। राहगीरों ने घटना की सूचना दी, जिसके बाद करीब आधे से एक घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
घायलों को पहले जीरन के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों की हालत गंभीर होने पर उन्हें नीमच जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद 11 वर्षीय समीर को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल जुनैद, अरबाज और इस्माइल का उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही जीरन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है तथा टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर समेत फरार हुए चालक की तलाश की जा रही है।














