भोपाल, 08 सितंबर।
विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के उपलक्ष्य में ‘वृद्ध मित्र’ कार्यक्रम ने कोलार क्षेत्र की बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद बुजुर्गों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया। शिविर में बुजुर्गों की शारीरिक जरूरतों और स्थिति का आकलन करने के बाद 700 से अधिक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।
जरूरत के अनुसार बुजुर्गों को व्हीलचेयर, वॉकर, श्रवण यंत्र, चलने की छड़ी, सर्वाइकल बेल्ट, लम्बर बेल्ट और नी-ब्रेस सहित विभिन्न उपकरण वितरित किए गए। इन संसाधनों का उद्देश्य बुजुर्गों की आवाजाही को आसान बनाना, रोजमर्रा के कामों में सुविधा देना और उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने प्रत्येक जरूरतमंद बुजुर्ग की आवश्यकताओं का आकलन कर उपयुक्त उपकरण प्रदान किए। ‘वृद्ध मित्र’ कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं और आवश्यक संसाधनों को बुजुर्गों के घर तथा समुदाय के नजदीक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों को उनके समुदाय में स्वास्थ्य और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराना है। इसके तहत फिजियोथेरेपी, स्वास्थ्य परामर्श, गृह भ्रमण, मरीजों की देखभाल, सामाजिक सहायता और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने जैसी सेवाएं भी दी जा रही हैं।
इस पहल के जरिए संस्था बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन और सम्मान के साथ स्वतंत्र जीवन जीने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। शिविर में डॉ. राहुल सिंह भदौरिया, डॉ. मुदिता सूर्यवंशी सहित ‘वृद्ध मित्र’ कार्यक्रम की भोपाल टीम मौजूद रही।















