राजगढ़, 08 सितम्बर।
जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र के जमुनागंज गांव में जहरीला पदार्थ खाने के बाद एक 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना सोमवार रात की है। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जमुनागंज निवासी कालीबाई उर्फ गायत्री, पत्नी दीवानसिंह बंजारा ने सोमवार रात अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे शाजापुर रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर महिला के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए और अस्पताल परिसर में हंगामा किया। उनका आरोप है कि महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। परिजनों ने महिला को जहर देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
मायके पक्ष का कहना है कि महिला को अपने मायके के लोगों से संपर्क करने से भी रोका जाता था। उन्होंने महिला के पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान होने का दावा किया है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















