भोपाल, 8 सितंबर।
मध्य प्रदेश में मानसून की चाल इस सीजन में सामान्य आंकड़े से थोड़ी पीछे जरूर चल रही है, लेकिन सूबे में बारिश का कुल 83.5 प्रतिशत कोटा अब तक पूरा हो चुका है। राज्यभर में अभी तक औसतन 790.8 मिलीमीटर यानी लगभग 31.1 इंच पानी बरस चुका है। राजधानी भोपाल समेत कुल 12 जिलों में सामान्य से अधिक मानसूनी बौछारें दर्ज की गई हैं, हालांकि अभी भी 31 जिले औसत बारिश के आंकड़े से काफी पीछे हैं।
बेहतर बारिश वाले जिलों में भोपाल के साथ राजगढ़, शिवपुरी, निवाड़ी, मैहर, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज और उमरिया शामिल हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश में बादलों का मेहरबान रहना जारी है, जहां मऊगंज जिला 53 इंच पानी के साथ सबसे आगे चल रहा है। इसके विपरीत, पश्चिमी हिस्से के आलीराजपुर में महज 13.6 इंच बारिश दर्ज की गई है, जिससे वह सबसे पीछे है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 11 सितंबर तक रीवा और शहडोल संभाग में तेज बारिश का दौर बने रहने के आसार हैं। इसके बाद 12 सितंबर के आसपास एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में एक बार फिर से झमाझम बारिश होने की पूरी संभावना है।















