धार, 08 सितंबर।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिले के टांडा रोड स्टेशन से वडोदरा के बीच नई यात्री रेल सेवा शुरू होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने समर्पित माल गलियारे के माध्यम से मालगाड़ियों की नई सुविधा को भी प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम से नई यात्री रेल सेवा और समर्पित माल गलियारे के नेटवर्क पर चार मालगाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर वडोदरा-रतलाम रेल मार्ग के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन निर्माण कार्य की आधारशिला भी रखी गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक माध्यम पर जारी अपने संदेश में कहा कि नई रेल सुविधाओं से यात्रियों और माल परिवहन की क्षमता में वृद्धि होगी। रेल मार्गों पर दबाव और अन्य बाधाओं में कमी आने के साथ परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम बनने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच माल परिवहन संपर्क मजबूत होगा। नई रेल कनेक्टिविटी उद्योग, व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को गति देने के साथ क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी परिवहन के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सुविधाओं का विस्तार कर जनता को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए आभार जताया।















