वाशिंगटन, 08 सितंबर।
भारत अगली पीढ़ी के 6जी दूरसंचार नेटवर्क के विकास से जुड़ी वैश्विक पहल में अमेरिका और 24 अन्य देशों के साथ शामिल हो गया है। इस गठबंधन का उद्देश्य सुरक्षित नेटवर्क तैयार करना, देशों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करना और 6जी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना है।
अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि यह निर्णय जी20 नवाचार मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान हुई द्विपक्षीय बातचीत के बाद सामने आया। अमेरिका के वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद से मुलाकात कर 6जी तकनीक के भविष्य पर चर्चा की।
जितिन प्रसाद ने अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्थित चैपल हिल में एक और दो सितंबर को आयोजित जी20 नवाचार मंत्रियों की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था। इस बैठक का आयोजन अमेरिकी वाणिज्य विभाग और व्हाइट हाउस के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नीति कार्यालय ने किया था।
लटनिक के साथ हुई चर्चा के संबंध में प्रसाद ने कहा कि बातचीत आधुनिक प्रौद्योगिकी के महत्वपूर्ण क्षेत्रों को आगे बढ़ाने पर केंद्रित रही। उन्होंने सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आंकड़ा केंद्रों को उभरती डिजिटल अर्थव्यवस्था के प्रमुख आधार बताया।















