मोहाली, 08 सितंबर।
शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 में मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर नमन धीर ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। अमृतसर सूरमास की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे धीर ने महज 64 गेंदों में 173 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 16 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। इसके साथ ही उन्होंने लीग इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर अपने नाम कर लिया।
पीसीए आईएस स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मोहाली किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। शुरुआती ओवर में तीन डॉट गेंदें खेलने के बाद धीर ने आक्रामक रुख अपनाया। दूसरे ओवर में दो छक्के लगाने के बाद उन्होंने तेजी से रन बटोरे और पावरप्ले समाप्त होने तक 19 गेंदों में 53 रन बना लिए।
धीर ने 38 गेंदों में शतक पूरा किया और इसके बाद भी गेंदबाजों पर लगातार हमला जारी रखा। 12वें ओवर में लवदीप चाठा के खिलाफ उन्होंने दो चौके और लगातार तीन छक्के जड़े। नो-बॉल समेत उस ओवर में कुल 30 रन बने। धीर ने सिर्फ 54 गेंदों में 150 रन का आंकड़ा भी छू लिया।
पारी के अंतिम ओवर में उनका तूफानी सफर 173 रन पर समाप्त हुआ। आयुष गोयल की गेंद पर हर्षदीप सिंह ने उनका कैच पकड़ा। धीर की शानदार पारी की बदौलत अमृतसर सूरमास ने 20 ओवर में 279 रन बनाए।
टी20 क्रिकेट की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम 175 रन का है। हालांकि विभिन्न राज्यों की इन लीगों को टी20 रिकॉर्ड पुस्तिका में शामिल नहीं किया जाता। इसके बावजूद नमन धीर की 173 रन की पारी ने क्रिकेट जगत और उनकी आईपीएल टीम मुंबई इंडियंस का ध्यान जरूर खींचा है।















