दुबई, 8 सितंबर।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी दुबई यात्रा के तीसरे दिन मंगलवार को प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश लाने के लिए कई अहम बैठकों और उच्चस्तरीय संवाद सत्रों में हिस्सा ले रहे हैं।
जनसम्पर्क अधिकारी बबीता मिश्रा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री आज दुबई में यूएई के नामी निवेशकों और दिग्गज उद्योगपतियों के साथ व्यक्तिगत रूप से बैठक कर रहे हैं। इन चर्चाओं का मुख्य उद्देश्य सूबे में मौजूद औद्योगिक संभावनाओं, अवस्थापना सुविधाओं और उद्योग-अनुकूल नीतियों से वैश्विक निवेशकों को अवगत कराना है। इस दौरान राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स और डीपी वर्ल्ड सहित कई बड़े समूहों के शीर्ष प्रतिनिधि उनके साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री डॉ. यादव शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस से भी विशेष मुलाकात करेंगे। इसके बाद चैंबर तथा आईबीपीसी शारजाह के प्रतिनिधियों के साथ एक गोलमेज बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मध्य प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य को साझा करते हुए आगामी 'इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027' के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री इस दौरे के दौरान बीआह ग्रुप और इमार ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से भी भेंट करेंगे। इन बैठकों में पर्यावरण संरक्षण, शहरी विकास, रियल एस्टेट और बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में निवेश के नए आयाम तलाशने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री मीडिया से मुखातिब होने के साथ-साथ 'इन्वेस्ट इन मध्य प्रदेश' संवाद सत्र के जरिए यूएई के उद्योगपतियों के सामने राज्य की खूबियां रखेंगे।















