नई दिल्ली, 9 सितंबर।
राष्ट्रीय राजधानी में अध्यात्मवाद पर आठ दिवसीय वैश्विक सम्मेलन 13 सितंबर से शुरू होगा। सावन कृपाल रूहानी मिशन की ओर से आयोजित इस आयोजन में भारत सहित अमेरिका, जर्मनी, स्विट्जरलैंड, कनाडा और अन्य देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
मिशन प्रमुख संत राजिंदर सिंह जी महाराज के 80वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आध्यात्मिक नेताओं को मानवता की एकता पर विचार-विमर्श और प्रेम तथा करुणा का संदेश साझा करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
आयोजन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल होंगी। 13 से 18 सितंबर तक कार्यक्रम कृपाल बाग में होंगे, इसके बाद 19 और 20 सितंबर को दिल्ली के बुराड़ी स्थित संत दर्शन सिंह जी धाम में विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
सम्मेलन की शुरुआत संत राजिंदर सिंह के संबोधन से होगी। 14 सितंबर को संत दर्शन सिंह जी महाराज की 105वीं जयंती पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में आध्यात्मिक चर्चा और ध्यान कार्यशालाएं भी होंगी।
सम्मेलन के तहत 12 सितंबर को 68वां रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। 13 सितंबर को 43वां निश्शुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद सर्जरी शिविर होगा। 20 सितंबर को समापन के दौरान 23वां वस्त्र वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा।















