नई दिल्ली, 9 सितंबर।
पंजाब में किसान गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामले को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भगवंत मान सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का तत्काल इस्तीफा लेने और पूरे प्रकरण की स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दलित समुदाय से आने वाले गुलजार सिंह ने अपने बेटे के नशे की गिरफ्त में आने के बाद सरकार की ओर से नशीले पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने में कथित विफलता को लेकर वित्त मंत्री से सवाल किया था।
उनका आरोप है कि इसके बाद गुलजार सिंह पर माफी मांगने का दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि गुलजार को कथित तौर पर प्रताड़ित और अपमानित भी किया गया।
राहुल गांधी के अनुसार, इस घटनाक्रम के बाद गुलजार सिंह ने जहर खा लिया। उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी मौत हो गई। राहुल ने कहा कि पंजाब में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है।
उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह उन्होंने मोहनजीत सिंह से भी बातचीत की थी। राहुल के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ प्रदर्शन करने के कारण मोहनजीत सिंह को प्रताड़ित किया गया था।
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी जनता के सवालों का जवाब देना है, न कि सवाल उठाने वालों को दबाना। उन्होंने गुलजार सिंह के परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री से स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्राथमिकी में वित्त मंत्री का नाम दर्ज करने की मांग की।















