नई दिल्ली, 9 सितंबर।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर जलभराव का भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में 63 सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने दिल्ली पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि इन माध्यमों से एयरपोर्ट पर जलभराव और विमान परिचालन प्रभावित होने का गलत दावा करते हुए वीडियो और पोस्ट साझा किए गए।
कंपनी के अनुसार, एक पोस्ट में दुबई एयरपोर्ट का पुराना जलभराव वाला वीडियो दिल्ली एयरपोर्ट का बताकर प्रसारित किया गया। डीआईएएल का कहना है कि सोशल मीडिया पर साझा की गई सामग्री एयरपोर्ट की वास्तविक स्थिति से अलग थी। इससे यात्रियों में भ्रम और चिंता पैदा हुई तथा महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
चार सितंबर को दिल्ली में हुई तेज बारिश के दौरान एयरपोर्ट क्षेत्र में भी भारी वर्षा हुई थी। दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे के बीच करीब 72.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके चलते टर्मिनल-3 के आगमन क्षेत्र में कुछ समय के लिए पानी जमा हो गया था।
डीआईएएल के मुताबिक एयरपोर्ट टीम ने तत्काल कदम उठाते हुए करीब 20 मिनट में पानी हटा दिया। इसके बाद निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान परिचालन सामान्य और सुरक्षित रूप से चलता रहा। कंपनी ने स्पष्ट किया कि अस्थायी जलभराव से एयरपोर्ट के परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
डीआईएएल के प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट से रोज बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और परिचालन की विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि तेज बारिश से टर्मिनल-3 के आगमन क्षेत्र में अस्थायी जलभराव हुआ था, जिसे 20 मिनट में सामान्य कर दिया गया।
प्रवक्ता के अनुसार कुछ सोशल मीडिया हैंडल से भ्रामक सामग्री फैलाना प्रथम दृष्टया जानबूझकर सार्वजनिक शरारत करने, एयरपोर्ट की छवि खराब करने और यात्रियों में अनावश्यक चिंता पैदा करने का प्रयास प्रतीत होता है। यात्रियों से परिचालन संबंधी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करने की अपील की गई है।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का संचालन और प्रबंधन दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड करता है। यह जीएमआर एयरपोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के नेतृत्व वाला संयुक्त उद्यम है। जीएमआर एयरपोर्ट से जुड़ी खुदरा, खान-पान, माल ढुलाई, पार्किंग, रखरखाव और अन्य विमानन सेवाओं का संचालन भी करता है। कंपनी फिलीपींस के मैक्टन-सेबू अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को तकनीकी सेवाएं देने के साथ ग्रीस के क्रीट में हरित क्षेत्र वाले हवाईअड्डे की परियोजना भी विकसित कर रही है।















