नई दिल्ली, 9 सितंबर।
देश की पहली बुलेट ट्रेन का उद्घाटन वर्ष 2027 में किया जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को बताया कि भारत में तैयार की जा रही स्वदेशी बुलेट ट्रेन का मई-जून 2027 में पटरी पर परीक्षण शुरू करने की योजना है। परीक्षण पूरा होने के बाद ट्रेन का उद्घाटन किया जाएगा।
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देने के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में वैष्णव ने कहा कि पहले चरण में सूरत से बिलिमोरा के बीच करीब 50 किलोमीटर का मार्ग शुरू करने की योजना थी। अब इसे बढ़ाकर सूरत से वापी तक करीब 100 किलोमीटर करने का निर्णय लिया गया है। इस हिस्से का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री ने बताया कि भारत में निर्मित बुलेट ट्रेन के एक डिब्बे का निर्माण पिछले सप्ताह पूरा हो चुका है। अब इस पर दबाव और जलवायु से जुड़े परीक्षण किए जाएंगे। इसके अलावा अंदरूनी साज-सज्जा सहित अन्य कार्य भी पूरे किए जाएंगे। अगले वर्ष मई-जून तक ट्रेन को परीक्षण के लिए पटरी पर लाने की तैयारी है।
वैष्णव के अनुसार परीक्षण सफल होने के बाद प्रधानमंत्री बुलेट ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने एक दिन पहले वडोदरा में भी कहा था कि स्वदेशी ट्रेन मई-जून 2027 में परीक्षण के लिए पटरी पर आ जाएगी और उसके दो से चार महीने बाद इसका उद्घाटन किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया था कि ट्रेन के पहले ढांचे का निर्माण पूरा हो चुका है और उसे परीक्षण के लिए भेजा गया है।
मुंबई-अहमदाबाद उच्च गति रेल गलियारे की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है। इस परियोजना का काम गुजरात, महाराष्ट्र और केंद्रशासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली में चल रहा है। प्रस्तावित बुलेट ट्रेन की अधिकतम गति 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।















