नोएडा, 9 सितंबर।
नोएडा में बाजार में खरीदारी करने पहुंचे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में तैनात डॉक्टर और उनकी पत्नी के साथ स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने मारपीट की। आरोप है कि बदमाश डॉक्टर के गले से दो तोले की सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। हमले में डॉक्टर को गंभीर चोटें आई हैं और उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बिसरख थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, सुषमा सिंह आजाद 23 अगस्त की रात अपने पति डॉक्टर अंकुर सिंह आजाद के साथ खरीदारी के लिए गई थीं। डॉक्टर अंकुर सिंह आजाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 221वीं वाहिनी, ग्रेटर नोएडा में मेडिकल पद पर सेकंड इन कमांड के रूप में तैनात हैं।
महिला के मुताबिक, कार खड़ी करने के बाद दोनों बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो-एन कार से आए कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया और अचानक मारपीट शुरू कर दी। सुषमा अपने पति को बचाने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
आरोप है कि बदमाशों ने डॉक्टर के गले से सोने की चेन उतार ली। हमले में उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। सिर में गंभीर चोट के कारण उनका इलाज लगातार चल रहा है।
सुषमा का कहना है कि अगले दिन पुलिस ने फोन कर घटना में शामिल लोगों को पकड़ने की जानकारी दी थी। उनका आरोप है कि उस समय मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और पकड़े गए लोगों के बारे में भी पूरी जानकारी नहीं दी गई।
पति के उपचार के बाद सुषमा ने अब थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।















