चंदौली, 9 सितंबर।
चंदौली पुलिस और एओजी-स्वाट की संयुक्त टीम ने नवही नहर पुलिया के पास एक लक्जरी कार से 2 किलो 565.720 ग्राम सोना बरामद किया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 3.92 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने कार सवार दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की लक्जरी कार में सोना छिपाकर बिहार से दिल्ली ले जाया जा रहा है। इसके बाद टीम ने नवही नहर पुलिया के पास वाहनों की जांच शुरू की। संदिग्ध कार दिखाई देने पर उसे रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने कार भगाने की कोशिश की।
पुलिस ने अन्य वाहनों की मदद से घेराबंदी कर कार रोक ली और उसमें सवार दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान महाराष्ट्र के सांगली निवासी जुबेर मुबारक शेख और हरियाणा के फतेहाबाद निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि कार के गियर बॉक्स के नीचे एक विशेष गुप्त केबिन बनाया गया था। इसी में सोना छिपाकर रखा गया था। तलाशी के दौरान भूरे रंग के टेप में लिपटी सोने की दो सिल्लियां बरामद हुईं।
आरोपित सोने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। सरकारी मूल्यांकक की मौजूदगी में पैकेट खोले गए तो उसमें 2,565.720 ग्राम शुद्ध सोना मिला। प्रारंभिक जांच में सोना विदेश निर्मित बताया गया है।
पुलिस ने सोने के अलावा लक्जरी कार और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले की जानकारी आयकर विभाग और राजस्व आसूचना निदेशालय को दी गई है। आवश्यक कार्रवाई के लिए बरामद सोना राजस्व आसूचना निदेशालय को सौंप दिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से लाया गया था और दिल्ली में किसे सौंपा जाना था। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।















