दक्षिण 24 परगना, 09 सितंबर।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के अंतर्गत आने वाले भांगड़ थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे के बाद भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। नलमुड़ी इलाके में बसंती राजमार्ग को पार कर रही एक महिला को तेज रफ्तार वाहनों ने कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, महिला जब सड़क पार करने की कोशिश कर रही थी तब ट्रैफिक सिग्नल लाल था। आरोप लगाया गया है कि सिग्नल लाल होने के बावजूद एक चारपहिया वाहन और एक तेज गति की बस वहां से गुजर रही थी।
इसी बीच चारपहिया वाहन की टक्कर से महिला असंतुलित होकर सड़क पर जा गिरी। इसके तुरंत बाद धामाखाली से कोलकाता की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार बस ने उसे कुचल दिया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में सड़क पर इकट्ठा हो गए। गुस्से में आए स्थानीय लोगों ने बसंती राजमार्ग पर जमकर हंगामा किया और दुर्घटना में शामिल बस तथा चारपहिया वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
गुस्साई भीड़ ने हाइवे पर लगभग आधे घंटे तक चक्का जाम कर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही भांगड़ थाने की पुलिस तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गई।
पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को समझा-बुझाकर शांत किया और उनके कड़े हस्तक्षेप के बाद स्थानीय लोगों ने रास्ता जाम हटाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा सके।















