कर्नाटक, 9 सितंबर।
प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को कर्नाटक में 18 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। इनमें लोक निर्माण विभाग के मंत्री सतीश जारकीहोली और उनकी बेटी व सांसद प्रियंका जारकीहोली के आवास समेत अन्य परिसरों को शामिल किया गया है।
यह कार्रवाई धनशोधन से जुड़े मामले में की जा रही है। जांच एजेंसी धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरण में वित्तीय लेनदेन और धन के कथित प्रवाह से संबंधित जानकारी जुटा रही है।
ईडी की टीमों ने कई स्थानों पर एक साथ तलाशी शुरू की। सतीश जारकीहोली के आवासों के साथ प्रियंका जारकीहोली से जुड़े परिसरों की भी जांच की जा रही है। जांच में विदेशों में धन हस्तांतरण से जुड़े पहलुओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, सतीश जारकीहोली के खिलाफ यह कार्रवाई अलग मामले में हो रही है। इसका संबंध उनके रिश्तेदार और आबकारी विभाग के अधिकारी वाई मंजूनाथ के खिलाफ पहले दर्ज प्रकरण से नहीं है।
हालांकि तलाशी अभियान के दौरान मंजूनाथ से जुड़े कुछ परिसरों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। मामले में प्रवर्तन निदेशालय की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।















