नई दिल्ली, 09 सितंबर।
निजारी इस्माइली समुदाय के आध्यात्मिक प्रमुख प्रिंस रहीम आगा खान पंचम नौ से पंद्रह सितंबर तक भारत के अधिकारिक दौरे पर रहेंगे। उपराष्ट्रपति के विशेष निमंत्रण पर उनकी यह भारत यात्रा तय हुई है। यात्रा के दूसरे दिन यानी दस सितंबर को वह उपराष्ट्रपति से खास मुलाकात और विचार-विमर्श करेंगे।
खास बात यह है कि पचासवें इमाम के रूप में पद संभालने के बाद प्रिंस रहीम आगा खान की यह पहली भारत यात्रा है। वह इस समुदाय के सर्वोच्च आध्यात्मिक इमाम हैं। उनकी नागरिकता पुर्तगाली है और उनके परिवार की जड़ें लंबे समय से यूरोपीय देशों विशेषकर पुर्तगाल से जुड़ी रही हैं।
विदेश मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार अपने नई दिल्ली प्रवास के दौरान आगा खान देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा उनके गृह मंत्री और विदेश मंत्री के साथ भी औपचारिक बैठकों के कार्यक्रम तय किए गए हैं।
अपनी इस भारत यात्रा के सिलसिले में वह राजधानी दिल्ली के अलावा अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों का भी दौरा करेंगे। इन महानगरों में आगा खान विकास नेटवर्क संस्थान विभिन्न सामाजिक विकास और सामुदायिक कल्याण से जुड़ी पहलों का संचालन कर रहा है।















