शिमला, 9 सितंबर।
शिमला जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एक युवती सहित तीन लोगों को चिट्टे के साथ पकड़ा है। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 24.130 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
पहली कार्रवाई ढली थाना क्षेत्र में 7 सितंबर को की गई। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों की तलाशी ली। उनके पास से 3.500 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान चंडीगढ़ के मनीमाजरा निवासी 30 वर्षीय दिनेश कुमार और चंडीगढ़ निवासी 30 वर्षीय शालू के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई रामपुर थाना क्षेत्र में 8 सितंबर को हुई। पुलिस टीम गश्त और अपराध निरोधक ड्यूटी पर थी। इसी दौरान ल्हासा स्थित रेन शेल्टर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई।
तलाशी में उसके कब्जे से 20.630 ग्राम हेरोइन और 330 रुपये नकद मिले। आरोपित की पहचान पंजाब निवासी 28 वर्षीय शिवम कुमार नर के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस की आगे की जांच जारी है।















