नई दिल्ली, 10 सितंबर।
वैश्विक बाजारों से मिल रहे सुस्त और कमजोर संकेतों का सीधा असर आज घरेलू शेयर बाजार पर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है, जहां सेंसेक्स और निफ्टी ने मामूली उतार-चढ़ाव और सपाट शुरुआत के बाद बिकवाली के दबाव में आकर लाल निशान में गोता लगा दिया।
शुरुआती कारोबार के दौरान एक समय खरीदारी के सपोर्ट से दोनों प्रमुख सूचकांकों में हल्की तेजी जरूर देखने को मिली थी, लेकिन ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली हावी होने के कारण बाजार में तेज बिकवाली शुरू हो गई और शुरुआती एक घंटे का कारोबार पूरा होने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही नुकसान के दायरे में कारोबार करते नजर आए।
इस बीच ओएनजीसी, टेक महिंद्रा और पावर ग्रिड जैसे दिग्गज शेयरों में कुछ हद तक लिवाली का समर्थन बना रहा, तो वहीं इंटरग्लोब एविएशन और एचसीएल टेक्नोलॉजी जैसे प्रमुख शेयरों में बिकवाली का दबाव अधिक रहने के कारण बाजार का कुल रुझान मिला-जुला बना हुआ है।















