किंगदाओ, 10 सितंबर।
चीन के किंगदाओ बंदरगाह पर मरम्मत के लिए खड़े एक विदेशी ध्वज वाले मालवाहक जहाज में आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। जहाज पर कुल 42 लोग सवार थे। इनमें से 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि पांच घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, आग सुबह करीब 11:15 बजे मरम्मत के दौरान लगी। यह घटना किंगदाओ बंदरगाह स्थित बेइहाई जहाज निर्माण कंपनी में हुई। किंगदाओ चीन के पूर्वोत्तर तट का प्रमुख समुद्री परिवहन केंद्र है।
जारी की गई तस्वीर में जहाज की पहचान ओशन मेलोडी के रूप में हुई है। सार्वजनिक जहाज निगरानी जानकारी के अनुसार यह जहाज लाइबेरिया के झंडे के तहत संचालित होता है।
आग लगने के कारणों और उस पर पूरी तरह काबू पाए जाने की स्थिति को लेकर तत्काल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने तत्काल खोज और बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने लापता लोगों की तलाश तेज करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही। प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने फंसे लोगों को बचाने और घायलों को उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान किसी अन्य दुर्घटना को रोकने के लिए भी जरूरी कदम उठाने को कहा।
शी चिनफिंग ने अधिकारियों को घटना से गंभीर सबक लेने तथा आग लगने के संभावित कारणों और सुरक्षा खामियों की पूरी तरह जांच कर उन्हें दूर करने का निर्देश दिया।















