नोएडा, 11 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक शिकायत का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। थाना सेक्टर चौबीस के अंतर्गत आने वाली हरिदर्शन चौकी के प्रभारी की शिकायत पर एक अज्ञात डिलीवरी बॉय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला ने यह शिकायत सार्वजनिक की कि रैपीडो कंपनी का एक डिलीवरी बॉय उसे लगातार आपत्तिजनक संदेश भेजकर परेशान कर रहा है। महिला द्वारा विरोध जताए जाने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी और महिला की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। थाना प्रभारी उमेश नैथानी ने जानकारी दी कि आरोपी डिलीवरी बॉय की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया गया है।
पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया चैट के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है ताकि उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस घटना के सामने आने के बाद से ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।















