लिया, 11 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र स्थित सोनाडीह गांव में पुरानी रंजिश और कहासुनी को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दर्दनाक वारदात में सगे भाइयों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया जिसमें एक भाई की मौत हो गई।
घटना गुरुवार की देर रात करीब दस बजे की है जब दो पटीदारों के बीच विवाद चल रहा था। जब अमरेश बहादुर सिंह और उनके भाई मंजेश सिंह ने बीच-बचाव कर समझाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
चाकूबाजी की इस गंभीर घटना में दोनों भाई बुरी तरह लहूलुहान होकर गिर पड़े जिन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मऊ और फिर वहां से बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया जहां एक की मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक की बेटी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
बाकी फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है जिनकी जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।















